
उदित वाणी, जमशेदपुर: झारखंड राज्य खाद्य आयोग की प्रभारी अध्यक्ष सह सदस्य शबनम परवीन की अध्यक्षता में जिला परिसदन, जमशेदपुर में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का उद्देश्य राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन, योजनाओं की अद्यतन प्रगति एवं आयोग को प्राप्त जनशिकायतों की समीक्षा करना रहा। बैठक में खाद्य आपूर्ति, सामाजिक सुरक्षा, नगर विकास, समाज कल्याण, कल्याण विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों की योजनाओं पर व्यापक चर्चा हुई। परवीन ने स्पष्ट कहा कि यदि लाभुकों से संबंधित कोई शिकायत मिलती है, तो वह संबंधित विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए और समाधान त्वरित व संवेदनशील तरीके से हो।
MTC व आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण, कुछ बिंदुओं पर जताई असंतुष्टि
समीक्षा बैठक के बाद टेल्को कॉलोनी स्थित मदर टेरेसा कुपोषण उपचार केंद्र (MTC) और न्यू कपाली क्षेत्र के दो आंगनबाड़ी केंद्रों का परवीन ने औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों को दिए जाने वाले पोषण आहार, केंद्रों की साफ-सफाई, उपस्थित कार्यकर्ता, और अभिलेखों के रख-रखाव की गहन जांच की। निरीक्षण के दौरान कुछ कमियों और सुधार योग्य बिंदुओं को चिन्हित किया गया, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सार्वजनिक योजनाओं में चाहिए जवाबदेही और संवेदनशीलता
शबनम परवीन ने कहा कि सरकार की हर योजना का उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक लाभ को बिना रुकावट पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे जागरूकता, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करें, ताकि कोई भी व्यक्ति योजनाओं से वंचित न रह जाए।
बैठक में शामिल हुए ये अधिकारी
इस अवसर पर अपर उपायुक्त भगीरथ प्रसाद, जिला आपूर्ति पदाधिकारी सलमान जफर खिजरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी से अपेक्षा की गई कि वे खाद्य सुरक्षा और सामाजिक योजनाओं के कार्यान्वयन में तत्परता दिखाएं।

