
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो नगर निगम में शुक्रवार को दोपहर करीब 12:05 बजे मेयर सुधा गुप्ता के प्रभार ग्रहण को लेकर जोर-शोर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को समय पर उपस्थित रहने का निर्देश जारी किया है, ताकि कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
मेयर के स्वागत को खास बनाने के लिए उनके लिए नई गाड़ी की व्यवस्था भी की गई है। सूत्रों के अनुसार, एक एजेंसी के माध्यम से करीब 26 लाख रुपये की लागत से टोयोटा हाई क्रॉस कार उपलब्ध कराई गई है। यह गाड़ी सुबह ही उनके आवास पर पहुंच जाएगी और संभावना है कि मेयर पद के बोर्ड के साथ सुधा गुप्ता इसी नई सवारी में बैठकर निगम कार्यालय पहुंचेंगी। प्रभार ग्रहण समारोह को लेकर निगम के कर्मचारियों और वार्ड पार्षदों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। पूरे कार्यालय परिसर में आयोजन को लेकर हलचल तेज है और मेयर के स्वागत को यादगार बनाने की तैयारी की जा रही है।

