
उदित वाणी कांड्रा: चांडिल क्षेत्र के Dayawati Modi Public School के विद्यार्थियों ने “मोबाइल की लत एवं युवा पीढ़ी पर इसका दुष्प्रभाव” विषय पर जागरूकता अभियान चलाते हुए विभिन्न गांवों में नुक्कड़ नाटक का मंचन किया। इस अभियान के तहत चिलगु, टिकर, आदरडीह, कुकड़ू, रघुनाथपुर और चालियामा गांवों में नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे।
नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने प्रभावशाली अभिनय करते हुए यह संदेश दिया कि मोबाइल का अत्यधिक उपयोग युवाओं की पढ़ाई, स्वास्थ्य और सामाजिक जीवन पर नकारात्मक प्रभाव डाल रहा है। कलाकारों ने दिखाया कि मोबाइल की लत के कारण युवा अपने परिवार और समाज से दूर होते जा रहे हैं और उनका बहुमूल्य समय व्यर्थ हो रहा है।
विद्यार्थियों के सशक्त अभिनय और प्रभावी संवादों ने दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया। कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने कलाकारों के प्रयास की सराहना करते हुए इस पहल को समाज के लिए उपयोगी बताया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या सम्पा बनर्जी ने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक विषयों पर जागरूकता फैलाना भी विद्यालय का महत्वपूर्ण दायित्व है।

