
उदित वाणी जमशेदपुर: मानगो क्षेत्र में सोमवार की शाम करीब 7 बजे अचानक तेज आंधी और बारिश ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। लगभग 40 मिनट तक चली आंधी-पानी से इलाके में कई जगह नुकसान की खबर है। तेज हवाओं के कारण बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई और 33 केवी लाइन में फॉल्ट आने से रात करीब 12 बजे तक पूरे इलाके में बिजली गुल रही।तेज हवाओं और बारिश का सबसे ज्यादा असर तुरियाबेड़ा इलाके में देखने को मिला। यहां एक शादी समारोह में लगा टेंट और डेकोरेशन तेज हवा की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे कार्यक्रम में मौजूद लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मानगो क्षेत्र के अन्य इलाकों में भी उस समय कई शादी समारोह आयोजित थे, जहां अचानक आई आंधी-बारिश से लोगों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
बारिश के दौरान कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हुई, जिससे लोगों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। हालांकि रात करीब 8 बजे के बाद बारिश थमने से दिन भर की उमस भरी गर्मी से लोगों को आंशिक राहत जरूर मिली।
स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज आंधी के कारण कई जगह पेड़ों की टहनियां टूटकर गिरीं, जिससे बिजली लाइन प्रभावित हुई और देर रात तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। बिजली विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर लाइन में आए फॉल्ट को ठीक करने का काम शुरू किया।
