
उदित वाणी, जमशेदपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा रेल मंडल में रेल पटरियों की मरम्मत और रखरखाव कार्य के लिए 02 से 08 मार्च के बीच विभिन्न स्थानों पर रोलिंग ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान रेलवे ट्रैक को दुरुस्त करने और सुरक्षा मानकों को बेहतर बनाने का कार्य किया जाएगा। इस वजह से कई ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ेगा। दक्षिण पूर्व रेलवे ने 8 ट्रेनों को अलग-अलग तिथियों में रद्द करने की घोषणा की है, जबकि दो ट्रेनों का परिचालन शॉर्ट टर्मिनेशन और शॉर्ट ओरिजिनेशन के साथ किया जाएगा।
रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार, 03 मार्च को टाटानगर से रवाना होने वाली ट्रेन संख्या 18601 टाटानगर-हटिया एक्सप्रेस को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा। यह ट्रेन चांडिल, गुंडाबिहार और मुरी होते हुए हटिया पहुंचेगी। मार्ग परिवर्तन के कारण यात्रियों को अतिरिक्त समय लग सकता है।
रेल प्रशासन के इस निर्णय का असर झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल के हजारों यात्रियों पर पड़ने की संभावना है। खासकर दैनिक यात्रियों और कामकाजी लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें।
इन तिथियों में रद्द रहेंगी ट्रेनें
06 और 07 मार्च को ट्रेन संख्या 68045/68046 आसनसोल-आद्रा-आसनसोल मेमू का परिचालन रद्द रहेगा।
02, 03 तथा 05 से 08 मार्च तक ट्रेन संख्या 68077/68078 आद्रा-भागा-आद्रा मेमू नहीं चलेगी।
03, 06 और 08 मार्च को ट्रेन संख्या 68090/68089 आद्रा-मेदिनीपुर-आद्रा मेमू का परिचालन रद्द रहेगा।
02 और 07 मार्च को ट्रेन संख्या 68079/68080 भोजूडीह-चंद्रपुरा-भोजूडीह मेमू भी रद्द रहेगी।
शॉर्ट टर्मिनेशन और शॉर्ट ओरिजिनेशन
ट्रेन संख्या 68056/68060 टाटानगर-आसनसोल मेमू/बराभूम मेमू 02, 04, 06 और 07 मार्च को केवल आद्रा स्टेशन तक ही चलेगी। इन तिथियों में आद्रा से आसनसोल के बीच इस ट्रेन का परिचालन रद्द रहेगा।
रेलवे ने कहा है कि ट्रैक मेंटेनेंस कार्य पूरा होने के बाद ट्रेनों का परिचालन सामान्य कर दिया जाएगा। यात्रियों को किसी भी असुविधा से बचने के लिए रेलवे की आधिकारिक सूचना पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

