
उदित वाणी, जमशेदपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे जोन के महाप्रबंधक अनिल कुमार मिश्रा 23 मार्च को टाटानगर स्टेशन का महत्वपूर्ण निरीक्षण करने पहुंचेंगे। इस दौरे को लेकर रेलवे महकमे में हलचल तेज हो गई है और सभी विभाग तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुट गए हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, जीएम टाटानगर स्टेशन के प्लेटफॉर्म, यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। स्टेशन परिसर में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, प्रतीक्षालय और सुरक्षा उपकरणों को दुरुस्त करने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है, ताकि निरीक्षण के दौरान कोई कमी नजर न आए।
टाटानगर दौरे के बाद जीएम बागबेड़ा स्थित रेलवे हाई स्कूल में तैयार किए गए मल्टी ट्रेनिंग सेंटर का भी निरीक्षण करेंगे। यह केंद्र रेलवे कर्मचारियों को आधुनिक और व्यावहारिक प्रशिक्षण देने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। बताया जा रहा है कि यहां सुपरवाइजर और अन्य श्रेणी के कर्मचारियों के कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इसके अलावा, जीएम एक्सएलआरआई के साथ एमओयू करने की योजना पर भी विचार कर सकते हैं, जिससे प्रशिक्षण व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।
कार्यक्रम के अगले चरण में जीएम सीनी स्थित जोनल ट्रेनिंग सेंटर में एक नए रूम का उद्घाटन करेंगे और उसके बाद चक्रधरपुर में डीआरएम कार्यालय का निरीक्षण करेंगे।
इस पूरे निरीक्षण कार्यक्रम में डीआरएम समेत मंडल के सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। वहीं, बागबेड़ा के मल्टी ट्रेनिंग सेंटर में तैयारियों का जायजा लेने के लिए कार्मिक विभाग के अधिकारी लगातार कैंप कर रहे हैं, ताकि जीएम के दौरे को सफल बनाया जा सके।

