
उदित वाणी, जमशेदपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे में वाणिज्यिक महकमे में अहम फेरबदल करते हुए टाटानगर और आदित्यपुर रेलवे स्टेशन के मुख्य वाणिज्य निरीक्षक (सीसीआई) पद पर राकेश कुमार राय की नियुक्ति का आदेश मंगलवार को जारी किया गया। राकेश कुमार राय इससे पहले चक्रधरपुर मंडल रेल मुख्यालय में अपनी सेवाएं दे रहे थे और प्रशासनिक अनुभव के आधार पर उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सूत्रों के अनुसार, टाटानगर के वर्तमान सीसीआई शंकर झा का सहायक वाणिज्य प्रबंधक (एसीएम) पद पर प्रमोशन हो गया है। पदोन्नति के बाद उन्हें सीसीआई पद से हटाकर नई जिम्मेदारी देने की प्रक्रिया जारी है। दक्षिण पूर्व रेलवे जोन स्तर पर उनके स्थानांतरण और नई पोस्टिंग को लेकर प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
इस बदलाव से टाटानगर और आदित्यपुर स्टेशनों की वाणिज्यिक व्यवस्था में नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर रहेगा।

