
उदित वाणी, जमशेदपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में फ्लावर शो एवं पुष्प-पंखुड़ी रंगोली प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया. कार्यक्रम में रेलवे कर्मचारियों, उनके परिवारजनों एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आयोजन को यादगार बना दिया. रंग-बिरंगे फूलों, सुसज्जित पुष्प-पौधों और आकर्षक सब्जी-पौधों की प्रदर्शनी ने सभी का मन मोह लिया, वहीं पुष्प-पंखुड़ियों से बनी मनोहारी रंगोलियों ने दर्शकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया.
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित अनिल कुमार मिश्रा (जीएम) ने आयोजन की गरिमा बढ़ाई. इस अवसर पर उन्होंने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल रचनात्मकता को प्रोत्साहित करते हैं, बल्कि प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता भी विकसित करते हैं.
तरुण हुरिया (डीआरएम) ने प्रतिभागियों की सृजनात्मकता और कलात्मक उत्कृष्टता की सराहना करते हुए कहा कि फ्लावर शो जैसे कार्यक्रम रेलवे परिवार के बीच सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं. उन्होंने इसे पर्यावरण जागरूकता से जोड़ते हुए कर्मचारियों और परिवारजनों को अधिक से अधिक हरियाली बढ़ाने का आह्वान किया.
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मौके पर ही पुरस्कृत किया गया. विजेताओं को ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए, जिससे प्रतिभागियों में खुशी और उत्साह देखने को मिला.
पूरे आयोजन के दौरान मंडल के वरिष्ठ रेल अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे. कार्यक्रम ने रेलवे परिवार के बीच एकता, सामूहिक सहभागिता और रचनात्मक अभिव्यक्ति की भावना को और मजबूत किया. उपस्थित लोगों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायक बताया.

