
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिष्टुपुर स्थित माइकल जॉन ऑडिटोरियम में केंद्र प्रायोजित पेंशन योजनाओं के सामाजिक अंकेक्षण को प्रभावी और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यशाला में राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम के तहत संचालित विभिन्न पेंशन योजनाओं के क्रियान्वयन, अंकेक्षण प्रक्रिया और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई.
सामाजिक अंकेक्षण की प्रक्रिया पर जोर
कार्यशाला में इंदिरा गांधी वृद्धावस्था पेंशन योजना, इंदिरा गांधी विधवा पेंशन योजना, इंदिरा गांधी दिव्यांग पेंशन योजना तथा राष्ट्रीय परिवार हित लाभ कार्यक्रम के तहत सामाजिक अंकेक्षण की विस्तृत जानकारी दी गई. उपस्थित अधिकारियों को बताया गया कि अंकेक्षण के माध्यम से योजनाओं में पारदर्शिता बढ़ाने और लाभुकों तक सेवाएं सही तरीके से पहुंचाने का लक्ष्य है.

पंचायत स्तर पर होगा अंकेक्षण
जानकारी दी गई कि जिले के सभी प्रखंडों में पंचायतवार सामाजिक अंकेक्षण 20 दिसंबर 2025 से 31 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा. इस दौरान लाभुकों का भौतिक सत्यापन और दस्तावेजों की जांच की जाएगी. ग्राम सभा, लाभुक सभा और वार्ड सभा के बाद प्रखंड स्तर पर जनसुनवाई आयोजित होगी, जहां सामने आए मुद्दों पर कार्रवाई की जाएगी.
जनसुनवाई और समीक्षा की व्यवस्था
प्रत्येक स्तर पर जनसुनवाई के बाद कार्रवाई प्रतिवेदन तैयार कर उसकी समीक्षा की जाएगी. आवश्यक मामलों को जिला और राज्य स्तर की जनसुनवाई के लिए आगे भेजा जाएगा. अधिकारियों से अंकेक्षण कैलेंडर का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और लाभुकों को निर्धारित तिथियों पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित रहने के लिए जागरूक करने को कहा गया.
पारदर्शिता और गुणवत्ता पर फोकस
कार्यक्रम में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि सामाजिक अंकेक्षण के माध्यम से अयोग्य, मृत या पलायन कर चुके लाभुकों की पहचान की जाए, ताकि योजनाओं का लाभ सही लोगों तक पहुंचे. साथ ही अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए.
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी
कार्यशाला में सहायक निदेशक (सामाजिक सुरक्षा) नेहा संजना खालखो, जमशेदपुर सदर, बोड़ाम, पटमदा, पोटका और गुड़ाबांदा के प्रखंड विकास पदाधिकारी, जमशेदपुर, मानगो और चाकुलिया के अंचल अधिकारी सहित सभी प्रखंडों के मुखिया, पंचायत सचिव और ऑपरेटर उपस्थित रहे.
(Social Audit Pension Scheme Jharkhand, Jamshedpur Pension Scheme Workshop, National Social Assistance Programme India, Indira Gandhi Pension Scheme Audit, Pension Beneficiary Verification Jharkhand, Social Audit Workshop Jamshedpur, Government Pension Scheme Transparency, NSAP Social Audit Process India)

