
उदित वाणी, जमशेदपुर : सिंहभूम डाक मंडल की ओर से मंगलवार को साकची स्थित टैगोर सोसायटी (रवीन्द्र भवन) में डाक कर्मचारियों के लिए ‘मोटिवेशनल एवं टार्गेट इनिशिएटिव’ कार्यक्रम ‘उड़ान’ का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस (PLI) और बचत बैंक योजनाओं (POSB) के आगामी लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए कर्मचारियों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करना था.
कार्यक्रम का शुभारंभ झारखंड परिमंडल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल संजीव रंजन ने दीप प्रज्वलित कर किया. इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि डाक विभाग की सबसे बड़ी ताकत उसके कर्मचारी और ग्राहकों का भरोसा है. उन्होंने कहा कि विभाग का लक्ष्य केवल तय किए गए टार्गेट को पूरा करना ही नहीं, बल्कि डाक विभाग की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना भी है. उन्होंने टीम भावना के साथ कार्य करने और आगामी अभियानों में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए कर्मचारियों को प्रेरित किया.

कार्यक्रम में सिंहभूम मंडल के वरीय डाक अधीक्षक उदयभान सिंह, झारखंड परिमंडल के उप मंडलीय प्रबंधक (PLI) अमित कुमार, जमशेदपुर प्रधान डाकघर के वरिष्ठ पोस्टमास्टर सुधीर कुमार तथा सिंहभूम मंडल के उप डाक अधीक्षक बिस्वजीत राय सहित कई अधिकारी मौजूद थे.
इस अवसर पर सिंहभूम डाक मंडल के उन कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया, जिन्होंने पिछले सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था. कार्यक्रम के अंत में सभी कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि वे आगामी PLI और बचत बैंक अभियानों को सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे.

