
उदित वाणी, जमशेदपुर: सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा चैंबर न्यू पार्किंग, चैंबर भवन के निकट, बिष्टुपुर में “सूखी होली मिलन समारोह” का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ। सुबह 10 बजे से शुरू हुए इस समारोह में शहर के व्यवसायियों एवं गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान हर्बल गुलाल से होली खेली गई और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। राजस्थानी डफ बाजों की थाप ने माहौल को और भी रंगीन बना दिया। उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी सौहार्द व भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लिया।
चेंबर अध्यक्ष मानव केडिया एवं महासचिव पुनीत काउंटिया ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन आपसी एकता और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देते हैं।

