
उदित वाणी, जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत विद्यापति नगर और सिदगोड़ा बाजार स्थित शराब दुकानों में हुई चोरी की घटनाओं का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है. इस मामले में पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके पास से कुल 6000 रुपये नकद बरामद किए हैं. चोरी की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की.
पुलिस के अनुसार, 6 फरवरी 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध युवक सिदगोड़ा और बिरसानगर थाना के सीमावर्ती क्षेत्र में घूम रहे हैं. सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस ने टाइगर मोबाइल और पीसीआर टीम के सहयोग से इलाके में घेराबंदी की और बिरसा बाजार स्थित मणिपाल हॉस्पिटल के पीछे घोड़ा मंदिर रोड से दोनों को पकड़ लिया.
पूछताछ के दौरान सीसीटीवी फुटेज से मिलान करने पर आरोपियों की पहचान कार्तिक लोहार उर्फ चेपा (23) और ऋतिक पाल (25) के रूप में हुई. गहन पूछताछ में दोनों ने शराब दुकानों में चोरी की घटनाओं को स्वीकार किया और अन्य थाना क्षेत्रों में भी चोरी की वारदातों में शामिल होने की बात कही.
तलाशी में कार्तिक लोहार के पास से 2700 रुपये और ऋतिक पाल के पास से 3300 रुपये नकद बरामद किए गए. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों के खिलाफ साकची और कदमा थाना में पहले से चोरी समेत अन्य मामलों में केस दर्ज हैं. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.

