
उदित वाणी जमशेदपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के सीनी ओपी क्षेत्र से लापता हुए नाबालिग इस्माइल प्रधान को पुलिस ने टाटानगर रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया। बच्चे के सुरक्षित मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस के साथ-साथ स्थानीय लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
जानकारी के मुताबिक सीनी ओपी क्षेत्र निवासी इस्माइल प्रधान सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे बिना किसी को बताए साइकिल लेकर घर से निकल गया था। काफी समय तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उसकी तलाश शुरू की गई। इसी दौरान उसकी साइकिल महाली मुरूप रेलवे स्टेशन के पास लावारिस हालत में मिली। इससे अंदेशा जताया गया कि वह किसी ट्रेन से कहीं चला गया है।
इस बीच इस्माइल की गुमशुदगी से जुड़ी खबर और उसकी तस्वीर ‘इंडिया न्यूज़ वायरल’ में प्रकाशित होने के बाद कुछ लोगों की नजर टाटानगर रेलवे स्टेशन पर उस पर पड़ी। शक होने पर लोगों ने उससे पूछताछ की, जिसमें उसने खुद को सीनी क्षेत्र का रहने वाला बताया। इसके बाद तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही सीनी ओपी प्रभारी विनय कुमार सिंह पुलिस बल के साथ टाटानगर स्टेशन पहुंचे और बच्चे को अपने संरक्षण में ले लिया। देर रात उसे सरायकेला लाकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
बताया जा रहा है कि घर में किसी बात पर डांट मिलने से नाराज होकर इस्माइल घर से निकल गया था। समय रहते पुलिस और लोगों की सतर्कता से उसे सुरक्षित बरामद कर लिया गया।

