
उदित वाणी रांची/जमशेदपुर: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मंगलवार को विधानसभा में मानगो पेयजल आपूर्ति परियोजना की बदहाल स्थिति का मुद्दा उठाया। उन्होंने सरकार के जवाब को असंतोषजनक बताते हुए नगर विकास विभाग पर तथ्य छुपाने और गलत जानकारी देने का आरोप लगाया।
NHAI कॉरिडोर कार्य में देरी पर उठाए सवाल
सरयू राय ने कहा कि बालीगुमा जलमीनार से जलापूर्ति शुरू करने के लिए आवश्यक एनएचएआई का एलिवेटेड कॉरिडोर अब तक पूरा नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि 24 जून 2025 को ही एनओसी जारी हो चुकी थी, इसके बावजूद काम लंबित है। योजना के अनुसार कॉरिडोर का निर्माण ऊपर और पाइपलाइन का कार्य नीचे होना था।
वर्षों तक उपेक्षित रही परियोजना
उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 से 2024 के बीच इस परियोजना की अनदेखी की गई। इंटेकवेल, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और जलमीनारों में लगे पुराने पंप सेटों को बदला नहीं गया। विधायक बनने के बाद उन्होंने विभिन्न क्षमता के पंप सेट उपलब्ध कराए, लेकिन अब तक आरसीसी पंप हाउस निर्माण को स्वीकृति नहीं मिली है।
सरकार ने माना-अंतिम छोर तक नहीं पहुंच रहा पानी
विधानसभा में दिए गए जवाब के दौरान सरकार ने स्वीकार किया कि मानगो क्षेत्र के अंतिम छोर तक पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। सरयू राय ने कहा कि उनके कई पूरक प्रश्नों का भी संतोषजनक उत्तर नहीं दिया गया और केवल प्रक्रिया जारी होने की बात कही गई।
अनियमित जलापूर्ति से लोगों को परेशानी
सरयू राय ने यह भी बताया कि क्षेत्र में पानी की आपूर्ति का समय तय नहीं है। कई बार रात 1 बजे या 2 बजे पानी दिया जाता है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी होती है। उन्होंने जलापूर्ति का निश्चित समय निर्धारित करने की मांग की।
स्थिति सुधारने के बजाय और बिगड़ी
उन्होंने कहा कि पहले भी उन्होंने इस परियोजना को सुदृढ़ और विस्तारित करने के लिए विभागीय बदलाव का सुझाव दिया था, लेकिन स्थिति में सुधार होने के बजाय और खराब हो गई है।

