
नाला आधारित विकास योजना समय की मांग
उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने सोमवार को मानगो नगर निगम और जमशेदपुर अक्षेस क्षेत्र के अंतर्गत अपने विधायक निधि और जिला योजना अनाबद्ध निधि से 2 करोड़ 86 लाख रुपये से अधिक की योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया.
इन योजनाओं में 2 करोड़ 5 लाख रुपये की लागत से विधायक निधि से संचालित होने वाली 38 योजनाओं का शिलान्यास, 26 लाख 32 हजार रुपये लागत वाली विधायक निधि से पूर्ण चार योजनाओं का उद्घाटन तथा जिला योजना अनाबद्ध निधि से 55 लाख 50 हजार रुपये की लागत से डिमना मध्य विद्यालय में छह अतिरिक्त वर्ग कक्ष निर्माण कार्य का शिलान्यास शामिल है.
इस अवसर पर विधायक सरयू राय ने कहा कि सरकार से प्राप्त विकास राशि का उपयोग जनता के हित में बेहतर तरीके से होना चाहिए. उन्होंने कहा कि विधायक और सांसद निधि से सड़कों और नालियों का टुकड़ों में निर्माण सीमित लाभ देता है. इसलिए मानगो नगर निगम और जमशेदपुर अक्षेस को बस्तियों के सर्वे के आधार पर समग्र विकास की योजना तैयार करनी चाहिए और सरकार से आवश्यक धन की मांग करनी चाहिए.

उन्होंने कहा कि यदि समस्त राशि एक साथ उपलब्ध न हो तो चरणबद्ध योजना बनाकर वर्षवार कार्यों को पूरा किया जा सकता है. श्री राय ने ‘नाला आधारित विकास योजना’ की आवश्यकता दोहराते हुए कहा कि मानगो को चार भागों में बाँटकर विकास की रूपरेखा तय की जाए. सभी छोटे-बड़े नालों का मैपिंग कर पता लगाया जाए कि कौन-सा नाला किस बड़े नाले से जुड़ता है, ताकि जल प्रवाह में किसी प्रकार की बाधा न आए. इससे बरसात के समय घरों और सड़कों में पानी भरने की समस्या से भी निजात मिलेगी.
कार्यक्रम में जनसुविधा प्रतिनिधि मुकुल मिश्रा, संजीव सिन्हा, अजय श्रीवास्तव, सुबोध श्रीवास्तव, अजय कुमार, पप्पू सिंह, ललन द्विवेदी, चुन्नु भूमिज, रविन्द्र सिंह सिसोदिया, विनोद राय, प्रशांत पोद्दार, तारक मुखर्जी, संजय तिवारी, लालू गौड़, प्रवीण सिंह, रवि ठाकुर, शशांक श्रीवास्तव, मनोज सिंह, सुर रंजन राय, अमृता मिश्रा, नीरज सिंह, पिंटू सिंह, संतोष भगत, प्रदीप सिंह, शेषनाथ पाठक, आशुतोष राय, पप्पू सूर्यवंशी, कुलविंदर सिंह पन्नू, नीरू सिंह और अशोक चौहान सहित कई लोग उपस्थित थे.

