
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो नगर निगम क्षेत्र के महापौर पद की प्रत्याशी संध्या सिंह ने चुनाव प्रचार के दौरान धमकी दिए जाने का गंभीर आरोप लगाया है. उन्होंने प्रशासन से शिकायत करते हुए निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने और अपनी सुरक्षा के उचित इंतजाम की मांग की है.
संध्या सिंह ने बताया कि 22 फरवरी 2026, शनिवार की शाम लगभग 6:30 बजे, वे अपने कार्यकर्ताओं के साथ मानगो रोड नंबर-15 स्थित मरीना सिटी क्षेत्र में बूथ प्रबंधन की जानकारी ले रही थीं. इसी दौरान, पूर्व मंत्री बना गुप्ता के करीबी बताए जा रहे उपेन्द्र सिंह उर्फ मस्तान सिंह मौके पर पहुंचे.
आरोप है कि उपेन्द्र सिंह, जिनके खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं और जिनका गैंगस्टर गिरोह से जुड़ाव बताया जाता रहा है, उन्होंने वहां मौजूद कार्यकर्ता पप्पू सिंह और स्वयं संध्या सिंह को खुलेआम धमकी दी. उन्होंने कहा, “देख लेंगे, बर्बाद कर देंगे.” इस घटना के बाद मौके पर भय का माहौल उत्पन्न हो गया.
संध्या सिंह ने कहा कि उक्त व्यक्ति आपराधिक प्रवृत्ति का है और चुनाव को प्रभावित करने के उद्देश्य से इस तरह की हरकत कर रहा है. उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे तत्वों की गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाई जाए और क्षेत्र में निष्पक्ष एवं भयमुक्त चुनाव संपन्न कराया जाए.
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि घटना से संबंधित वीडियो फुटेज उपलब्ध है, जिसे आवश्यकता पड़ने पर प्रशासन को सौंपा जाएगा. साथ ही, उन्होंने अपनी और अपने कार्यकर्ताओं की सुरक्षा के लिए समुचित व्यवस्था किए जाने की भी मांग की है.

