
उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची गुरुद्वारा के समीप स्थित गुरुद्वारा बस्ती में आवारा कुत्तों के आतंक से लोगों में दहशत का माहौल बन गया है. बताया जा रहा है कि एक ही रात में कुत्तों ने करीब 15 लोगों के साथ-साथ कई जानवरों को काटकर घायल कर दिया.
घटना के बाद इलाके के लोगों में भय के साथ-साथ आक्रोश भी देखने को मिल रहा है. स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस क्षेत्र में लंबे समय से आवारा कुत्तों की समस्या बनी हुई है, लेकिन अब तक इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई थी.
लोगों का यह भी कहना है कि जिन लोगों को कुत्तों ने काटा है, उन्हें इलाज के लिए अस्पताल जाना पड़ा. कई लोगों को एंटी-रेबीज इंजेक्शन भी लेना पड़ा है. इलाके के लोगों के अनुसार, ऐसा प्रतीत होता है कि एक ही कुत्ते ने अधिकांश लोगों को काटा है और आशंका जताई जा रही है कि वह कुत्ता पागल हो गया है.
घटना की सूचना मिलने के बाद सुबह जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) की टीम मौके पर पहुंची और आवारा कुत्तों को पकड़ने का अभियान शुरू कर दिया. फिलहाल जेएनएसी की टीम इलाके में लगातार कार्रवाई कर कुत्तों को पकड़ने में जुटी हुई है, ताकि स्थानीय लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके.
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इलाके में आवारा कुत्तों की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों.

