
उदित वाणी, जमशेदपुर : साकची बाजार में स्थित बीणापानी ज्वेलर्स में सोमवार को एक नकली ग्राहक सोने का चैन चोरी कर फरार हो गया. घटना के मुताबिक, संदिग्ध युवक दुकान में ग्राहक बनकर आया और दुकानदार को विश्वास में लेने के लिए बीच-बीच में नकदी भी दिखाता रहा, मानो वह चैन खरीदने आया हो. मौके का फायदा उठाकर उसने करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य का सोने का चैन हाथ की सफाई से गायब कर दिया और मौके से भाग निकला.
प्रतिष्ठान के मालिक राजू बर्मन ने इस घटना की जानकारी पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह को दी. इसके बाद विकास सिंह ने तुरंत साकची थाना को मामले से अवगत कराया.
राष्ट्रीय स्वर्णकार मंच के अध्यक्ष रंजीत बर्मन अपने समिति के सदस्यों के साथ साकची थाने पहुंचे और घटना को लेकर लिखित शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा पुलिस संदिग्ध की पहचान कर गिरफ्तारी की कोशिश कर रही है.
पुलिस और स्वर्णकार समुदाय ने शहर के सभी ज्वेलर्स से सजग रहने और संदिग्ध ग्राहकों से सावधान रहने की अपील की है.

