
उदित वाणी, जमशेदपुर : आरवीएस कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस विशेष दिन को पूरे भारत में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के रूप में मनाया जाता है. इस वर्ष कार्यक्रम का आयोजन एआईसीटीई, नई दिल्ली के दिशा-निर्देशों पर हुआ जिसका थीम था “एक घंटा, खेल के मैदान में”. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हॉकी अकादमी के निदेशक श्री गुरमीत सिंह रहे. उनका स्वागत कॉलेज के डीन डॉ. शरत चंद्र महतो, प्रो. कृष्ण मुरारी और डॉ. सुशांत महांति ने किया.

समारोह का उद्घाटन करते हुए श्री सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा, “खेल हमें सिखाते हैं कि चाहे हमारा धर्म, भाषा, रंग या विचार अलग हों—मैदान पर हम सब एक हैं.” इस संदेश को लेकर छात्रों ने मार्च-पास्ट किया. कार्यक्रम के दूसरे सत्र में झारखंड के प्रसिद्ध डॉक्टर और गंगा मेमोरियल अस्पताल के संस्थापक डॉ. नागेंद्र सिंह ने आधुनिक जीवन में स्वास्थ्य जागरूकता पर विस्तार से चर्चा की. उन्होंने स्वास्थ्य जागरूकता को गंभीरता से लेने और नशा व मादक पदार्थों से दूर रहने की अपील की.

इससे पहले, डॉ. सुशांत महांति (ईसीई विभागाध्यक्ष), डॉ. एस.पी. सिंह (वरिष्ठ भौतिकी प्रोफेसर), तथा इंडक्शन कार्यक्रम के संयोजक डॉ. सूर्या बहादुर ने डॉ. सिंह का स्वागत पौधा, शॉल और स्मृति चिन्ह देकर किया. कार्यक्रम का समापन डॉ. विक्रम शर्मा के धन्यवाद ज्ञापन से हुआ.

