
उदित वाणी, जमशेदपुर : जेसिका सुपर आईडिया की सड़क सुरक्षा समिति के तत्वावधान में बिस्टुपुर स्थित एक होटल में रोड सेफ़्टी कॉन्क्लेव 2025 का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ ईचागढ़ की विधायक सबिता महतो एवं डॉ. नवीन प्रधान ने दीप प्रज्वलित कर किया. विधायक महोदया ने कहा कि सड़क सुरक्षा हर नागरिक का दायित्व है क्योंकि नियमों का पालन जीवन बचाता है.
इस मौके पर विश्व सड़क यातायात स्मृति दिवस पर दुर्घटनाओं में दिवंगत लोगों की याद में दो मिनट मौन रखकर कार्यक्रम की शुरुआत की गई, जिसके बाद बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुति दी. कार्यक्रम में ट्रैफिक विभाग, परिवहन अधिकारियों और विशेषज्ञों ने हेलमेट-सीट बेल्ट की अनिवार्यता, ओवरस्पीडिंग नियंत्रण और सुरक्षित ड्राइविंग पर चर्चा की.
शहर के विभिन्न स्कूलों के 150 से अधिक छात्र-छात्राओं ने इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया. युवाओं के लिए इंटरएक्टिव सेशन और जागरूकता वर्कशॉप भी आयोजित किए गए. साथ ही, रोड सेफ्टी ड्रॉइंग प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार प्रदान किए गए.
इस अवसर पर सरायकेला-खरसावां के जिला परिवहन पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो, सामाजिक कार्यकर्ता पुरोबी घोष, सीडीपीओ दुर्गेश नंदिनी, बिष्टुपुर यातायात थाना प्रभारी राकेश सिंह, तथा अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे. जेसिका सुपर आइडिया की ओर से डॉ. नवीन प्रधान, राहुल चंद्रा, आशीष झा और दिनेश श्रीवास्तव ने बताया कि आगामी दिनों में भी सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता अभियान लगातार जारी रखा जाएगा.
यह आयोजन सड़क सुरक्षा के प्रति स्थानीय समुदाय में जागरूकता बढ़ाने और नियमों के पालन के महत्त्व को समझाने में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

