
उदित वाणी, जमशेदपुर : राज्य सरकार के दिशा-निर्देशानुसार ‘सेवा का अधिकार सप्ताह’ के प्रथम दिन जिले की 11 पंचायतों तथा जेएनएसी, जुगसलाई नगरपालिका और मानगो नगर निगम क्षेत्र में शिविर आयोजित किए गए. शिविरों में जिलेवासियों की भारी भागीदारी रही. माननीय विधायक श्री समीर मोहंती, श्री मंगल कालिंदी और श्री संजीव सरदार ने शिविर में शामिल होकर लाभुकों के बीच परिसंपत्ति का वितरण किया और नागरिकों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने की अपील की.
शिविर में सेवा और समाधान का व्यापक प्रयास
उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने प्रखंडों के वरीय पदाधिकारियों और बीडीओ-सीओ के साथ वर्चुअल बैठक कर शिविरों की समीक्षा की. उन्होंने राज्य सरकार की भावना के अनुरूप ‘राईट टू सर्विस’ अधिनियम अंतर्गत सभी सेवाओं के आवेदनों के समयबद्ध निष्पादन के निर्देश दिए. जिला के पदाधिकारियों को प्रतिदिन किसी एक शिविर में अनिवार्य रूप से शामिल होने का परामर्श दिया गया है, ताकि जनता को योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके.

2239 आवेदन, ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के नागरिकों की समस्याएं
शिविरों के माध्यम से कुल 2239 आवेदन प्राप्त हुए, जिसमें 2037 आवेदन ग्रामीण क्षेत्रों से और 202 आवेदन शहरी नागरिकों से आए. प्राप्त आवेदनों में जाति प्रमाण पत्र, स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र, नया राशन कार्ड, दाखिल-खारिज, भूमि मापी, भूमि धारण प्रमाण पत्र, और झारखंड राज्य सेवा देने की गारंटी अधिनियम 2011 से संबंधित सेवाएँ शामिल हैं.
साथ ही दिव्यांग पेंशन, वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन जैसे लाभकारी योजनाओं से जुड़े कुल 167, 10 और 1 आवेदन मिले. विशेष रूप से, नए राशन कार्ड के 62, जाति प्रमाण पत्र के 78, आय प्रमाण पत्र के 53, स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र के 53, अन्य लोककल्याणकारी योजनाओं से जुड़े 1665 आवेदन भी प्राप्त हुए.

