
उदित वाणी, झारखंड: रामगढ़ जिले के भदानीनगर ओपी क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ देवरिया सरना स्थल स्थित जोभीया गाढ़ा के एक खेत में महुआ के पेड़ से फंदे से लटका हुआ एक युवक का शव बरामद किया गया है। पेड़ से शव लटके होने की खबर मिलते ही आसपास के पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
18 वर्षीय विशाल मुंडा के रूप में हुई मृतक की पहचान
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 18 वर्षीय विशाल मुंडा के रूप में की गई है। शव को देखकर स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना भदानीनगर ओपी पुलिस को दी।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, आत्महत्या की आशंका
हादसे की जानकारी मिलते ही भदानीनगर पुलिस तुरंत दल-बल के साथ मौके पर पहुँची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को अपने कब्जे में लिया और पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर यह पूरा मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।
प्रेम प्रसंग की चर्चा, हर पहलू की जांच कर रही पुलिस
वहीं, स्थानीय स्तर पर ग्रामीणों के बीच यह आशंका जताई जा रही है कि युवक ने प्रेम प्रसंग के चलते यह आत्मघाती कदम उठाया है। हालांकि, पुलिस या प्रशासन की ओर से इस बात की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। भदानीनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गंभीरता से पड़ताल कर रही है।

