
उदित वाणी, जमशेदपुर : लौहनगरी के निजी स्कूलों में नए शैक्षणिक सत्र की सुगबुगाहट तेज हो गई है.
राजेंद्र विद्यालय में ओरिएंटेशन कार्यक्रम, LKG से नौवीं तक के विद्यार्थियों का हुआ स्वागत
साकची स्थित Rajendra Vidyalaya में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत के साथ शनिवार को ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस अवसर पर एलकेजी से लेकर नौवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों का नई कक्षा में स्वागत किया गया.
एलकेजी के बच्चों का विशेष स्वागत
कार्यक्रम में एलकेजी के बच्चों का उनके अभिभावकों के साथ विशेष और उत्साहपूर्ण तरीके से स्वागत किया गया. अपने बच्चों को विद्यालय में पहले दिन देखकर अभिभावकों में भी काफी उत्साह देखने को मिला. विद्यालय के प्रेक्षागृह में दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया, जिसके बाद शिक्षिकाओं द्वारा प्रार्थना की सुंदर प्रस्तुति दी गई.
बच्चों ने प्रस्तुत किए रंगारंग कार्यक्रम
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए, जिससे माहौल उत्साहपूर्ण हो गया. कार्यक्रम में उपस्थित Bihar Association के महासचिव C. P. N. Singh ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को नई कक्षा के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
विद्यालय के नियम और मूल्यों की दी जानकारी
विद्यालय की प्रधानाचार्या Anita Tiwari ने अपने संबोधन में विद्यालय के महत्वपूर्ण नियमों, मूल्यों और अपेक्षाओं पर प्रकाश डाला. उन्होंने विद्यार्थियों और अभिभावकों को विद्यालय के अनुशासन और शैक्षणिक संस्कृति के बारे में विस्तार से जानकारी दी.
जूनियर इंचार्ज D Vani ने एलकेजी की सभी शिक्षिकाओं का परिचय करवाया और बच्चों के यूनिफॉर्म, पुस्तकों और कॉपियों से संबंधित आवश्यक नियमों की जानकारी दी.
बच्चों को दिए गए उपहार
कार्यक्रम के बाद बच्चे अपने अभिभावकों के साथ अपनी-अपनी कक्षाओं में गए, जहां उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए फाइल में डायरी, पेंसिल, रबर और टॉफी दी गई. बच्चों के स्वागत के लिए विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था. परिसर में एक सुंदर सेल्फी कॉर्नर भी बनाया गया, जहां बच्चों और अभिभावकों ने तस्वीरें लेकर आनंद उठाया.
कार्यक्रम के अंत में बच्चों ने फूड स्टॉल और म्यूजिक कॉर्नर का भी आनंद लिया. कार्यक्रम को सफल बनाने में बिहार एसोसिएशन के महासचिव सी.पी.एन. सिंह, सह सचिव व विद्यालय सचिव अमरेश सिन्हा, प्रधानाचार्या अनीता तिवारी, उपप्रधानाचार्या किरण सिन्हा, सीनियर इंचार्ज श्वेता सहाय, जूनियर इंचार्ज डी. वाणी तथा विद्यालय की सभी शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा.

डीएवी पब्लिक स्कूल में नर्सरी के बच्चों के लिए ओरिएंटेशन :
इसी क्रम में बिस्टुपुर स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में शनिवार को नर्सरी कक्षा के बच्चों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम-2026 का भव्य आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम के माध्यम से न केवल बच्चों का स्वागत हुआ, बल्कि अभिभावकों को स्कूल की कार्यप्रणाली और बच्चों के सर्वांगीण विकास की बारीकियों से भी अवगत कराया गया.
कार्यक्रम की शुरुआत डीएवी परंपरा के अनुसार दीप प्रज्ज्वलन और डीएवी गान के साथ हुई.
विद्यालय की को-ऑर्डिनेटर सुतापा घोष ने नए अभिभावकों को स्कूल के बुनियादी नियमों की विस्तृत जानकारी दी. वहीं, शिक्षिका जिबी संतोष ने नर्सरी के पाठ्यक्रम पर चर्चा करते हुए बताया कि स्कूल का फोकस गतिविधि आधारित शिक्षा, सतत मूल्यांकन और बच्चों में सामाजिक जागरूकता व निर्णय क्षमता विकसित करने पर रहेगा.
इस अवसर पर ए.आर.ओ. झारखंड जोन-ई सह स्कूल प्राचार्या प्रज्ञा सिंह ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए एक महत्वपूर्ण संदेश दिया. उन्होंने कहा कि आज के एआई के युग में बच्चों को केवल किताबी कीड़ा बनाना हमारा उद्देश्य नहीं होना चाहिए, बल्कि उन्हें बहुआयामी स्तर पर मजबूत और मानसिक रूप से रचनात्मक बनाना आवश्यक है. प्राचार्या ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की तुलना दूसरों से न करें, क्योंकि हर बच्चे के सीखने की गति और तरीका अलग होता है. उन्होंने चेतावनी भी दी कि बहुत तेजी से सीखने का दबाव बच्चों के मानसिक विकास के लिए हानिकारक हो सकता है, जिसके नकारात्मक परिणाम किशोरावस्था में देखने को मिल सकते हैं.
अभिभावकों को बच्चों की जरूरतों को केंद्र में रखने और उनके साथ इस रोमांचक यात्रा का आनंद लेने के लिए प्रेरित किया गया. कार्यक्रम का समापन जलपान और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ. जमशेदपुर के अन्य प्रमुख निजी स्कूलों में भी इसी प्रकार के ओरिएंटेशन सत्रों के साथ नए सत्र की शुरुआत की जा रही है, जिससे शिक्षा के क्षेत्र में एक बार फिर रौनक लौट आई है.

