
उदित वाणी, जमशेदपुर : चांडिल स्टेशन के पास शनिवार सुबह हुई दुर्घटना के चलते टाटानगर से खुलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित कर दिया गया है। टाटा-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस, टाटा-बक्सर सुपरफास्ट और दिल्ली जाने वाली पुरुषोत्तम एक्सप्रेस सहित कई गाड़ियों को वैकल्पिक मार्ग से भेजा जा रहा है, जिससे यात्रियों को देरी और असुविधा झेलनी पड़ रही है।

रेलवे सूत्रों के मुताबिक, अप और डाउन लाइन पर यातायात बाधित होने के कारण टाटा-पटना वंदे भारत को कतरास-गया मार्ग से, टाटा-बक्सर सुपरफास्ट को चाकुलिया-आसनसोल मार्ग से और पुरुषोत्तम एक्सप्रेस को भी डायवर्ट किया गया है। इस वजह से ट्रेनों की समयसारिणी प्रभावित हुई है।
यात्रियों ने शिकायत की कि रूट परिवर्तन और देरी की सूचना समय पर नहीं मिल पाने से उन्हें परेशानी हुई। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि स्थिति सामान्य करने के लिए ट्रैक मरम्मत व जांच कार्य तेजी से जारी है और यात्रियों को हेल्पलाइन व स्टेशन सूचना केंद्र से अद्यतन जानकारी लेने की सलाह दी गई है।

