
उदित वाणी, जमशेदपुर: अनुमंडल के ईचागढ़ थाना पुलिस ने चौका स्थित बैंक ऑफ इंडिया से रुपये निकालकर घर लौट रहे व्यक्ति से हुई छिनतई की घटना का खुलासा करते हुए छह अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी पिस्तौल, चार जिंदा गोली, आठ मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और 11,900 रुपये नकद बरामद किए हैं। घटना 29 सितंबर की है, जब अगसिया गांव निवासी फाल्गुनी गोप अपने सहयोगी दुर्गा उरांव के साथ बैंक से ₹3 लाख निकालकर बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में बासाहातु के समीप पहले से घात लगाए अपराधियों ने दोनों को रोक लिया और रुपये छीनकर फरार हो गए। विरोध करने पर अपराधियों ने दुर्गा उरांव के सिर पर पिस्तौल की बट से वार कर उन्हें घायल कर दिया।
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ अरविंद कुमार बिन्हा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने थाना प्रभारी विक्रमादित्य पांडेय के नेतृत्व में त्वरित छापामारी करते हुए छह अपराधियों — अमित कुमार महतो, कमलेश महतो, प्रवीण उरांव, राजकुमार महतो, संजय दास उर्फ गुड्डू और अफरान कुंवर — को विभिन्न स्थानों से गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि मामले की आगे की जांच जारी है। गिरफ्तार अपराधियों के पूर्व में भी कई आपराधिक मामलों में संलिप्त रहने की जानकारी मिली है।

