
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर के सभी निजी स्कूलों के वैन चालकों ने सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की घोषणा कर दी है. वैन चालक संघ ने जिला डीसी, एसएसपी और डीएसपी को मांग पत्र सौंपते हुए कहा कि हड़ताल से छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा.
संघ के अनुसार, बिरसानगर के एक निजी स्कूल में शिक्षिका के कहने पर चालक ने कुछ बच्चों को घर छोड़ दिया था. दो दिन बाद स्कूल ने चालक को बुलाकर सुबह से शाम तक बैठाया और फिर उसके खिलाफ पोस्को एक्ट का केस दर्ज कर जेल भेज दिया. संघ का कहना है कि अगर चालक दोषी है तो वे प्रशासन के साथ हैं, लेकिन पुलिस को निष्पक्ष जांच करनी चाहिए.
यह पहला मामला नहीं है. कुछ वर्ष पहले मानगो के एक स्कूल वैन चालक को भी इसी तरह पोस्को के आरोप में जेल भेजा गया था. दो वर्ष बाद भी पुलिस की जांच रिपोर्ट नहीं आई, जिससे वह अब तक जेल में सड़ रहा है. संघ ने मांग की है कि झूठे पोस्को केस में फंसे दोनों चालकों को रिहा किया जाए.
संघ नेताओं ने चेतावनी दी कि गरीब वैन चालक हमेशा प्रशासन की नजर में दोषी ठहराए जाते हैं. पुलिस सही जांच क्यों नहीं करती? इसका नतीजा यह है कि कोई चालक दो वर्ष से जेल में है तो कोई 27 फरवरी से. सोमवार से हड़ताल शुरू होने पर हजारों बच्चों का स्कूल पहुंचना मुश्किल हो जाएगा.
अभिभावक परेशान हैं और उम्मीद कर रहे हैं कि प्रशासन शीघ्र हस्तक्षेप कर विवाद सुलझाए.

