
बोकारो : झारखंड में फरार कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान ने दुबई से बोकारो के एक स्टील प्लांट को धमकी भरा ऑडियो और पत्र भेजा है। इस ऑडियो के वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्लांट की सुरक्षा बढ़ा दी है और जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार धनबाद के वासेपुर का रहने वाला गैंगस्टर प्रिंस खान फिलहाल विदेश में छिपा हुआ है और वहीं से झारखंड के कारोबारियों और उद्योगों को धमकी दे रहा है। इस बार उसने बोकारो में लग रहे एक बीएमडब्ल्यू स्टील प्लांट को निशाना बनाते हुए धमकी भरा ऑडियो भेजा है, जिसमें उसने गंभीर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी है। इसके साथ ही एक पत्र भी भेजा गया है, जिसमें धमकी भरे शब्द लिखे गए हैं।
ऑडियो सामने आने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। संबंधित प्लांट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसके अलावा इलाके में गश्त और पेट्रोलिंग भी बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
इस मामले की पुष्टि बोकारो मुख्यालय के डीएसपी ने की है। पुलिस का कहना है कि धमकी से जुड़े ऑडियो और पत्र की जांच की जा रही है तथा इसके स्रोत का पता लगाया जा रहा है।
बताया जाता है कि धनबाद के वासेपुर क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाला प्रिंस खान पहले भी कई बार पुलिस को चुनौती देते हुए धमकी भरे संदेश भेज चुका है। इस बार उसने पूरे झारखंड में अशांति फैलाने की धमकी दी है। फिलहाल पुलिस और खुफिया एजेंसियां मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।

