
उदित वाणी. आदित्यपुर: प्रेस क्लब ऑफ सरायकेला-खरसावां का वार्षिक वनभोज सह मिलन समारोह बुधवार को आदित्यपुर स्थित जयप्रकाश उद्यान में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत क्लब के अध्यक्ष भरत सिंह ने स्वागत भाषण देकर की। उन्होंने सभी सदस्यों और अतिथियों का अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्लब के संरक्षक एवं पूर्व विधायक अरविंद कुमार सिंह उपस्थित थे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज का आईना हैं। पत्रकार केवल देश का चौथा स्तंभ ही नहीं, बल्कि सामाजिक संरचना का महत्वपूर्ण अंग भी हैं, जिसके बिना समाज अधूरा माना जाएगा। उन्होंने कहा कि मौसम चाहे कैसा भी हो—ठंड, गर्मी या बरसात—पत्रकार अपने कर्तव्यों से पीछे नहीं हटते और हर चुनौती के बीच समाज में घट रही घटनाओं को सामने लाते हैं।
उन्होंने बताया कि कई सूचनाएं, सरकारी योजनाओं की जानकारी और जनसमस्याओं के समाधान का मार्ग पत्रकारों के माध्यम से ही लोगों तक पहुंचता है। यदि किसी व्यक्ति या समुदाय को योजनाओं का लाभ नहीं मिलता, तो उसकी आवाज भी पत्रकार ही उठाते हैं और समस्याओं को जिम्मेदार अधिकारियों एवं सरकार तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में सरायकेला-खरसावां जिले के अनेक पत्रकार मौजूद रहे और आपसी संवाद, मेल-जोल व विचार-विमर्श के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।

