
उदित वाणी, जमशेदपुर : कदमा में आयोजित कार्यक्रम के समापन के बाद राष्ट्रपति का काफिला मरीन ड्राइव, खरकई लिंक रोड और मानगो गोलचक्कर होते हुए भुइयांडीह मार्ग से बारीडीह पहुंचा. बारीडीह स्थित मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज के बाहर राष्ट्रपति की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में लोग घंटों से इंतजार कर रहे थे. इनमें महिलाओं और बच्चों की संख्या विशेष रूप से अधिक थी. लोगों के हाथों में तिरंगा था और वे ‘राष्ट्रपति जिंदाबाद’ के नारे लगा रहे थे.
मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज के कार्यक्रम के बाद जब राष्ट्रपति बाहर निकलीं, तो सड़क किनारे खड़ी भीड़ को देखकर उन्होंने अपना वाहन रुकवाया. इसके बाद वे स्वयं गाड़ी से उतरकर पैदल लोगों के बीच पहुंचीं और उनका अभिवादन स्वीकार किया. राष्ट्रपति को अपने बीच पाकर लोगों का उत्साह चरम पर पहुंच गया. खासकर महिलाएं और बच्चे उन्हें बेहद करीब से देखकर भावुक और उत्साहित नजर आए.
इस दौरान राष्ट्रपति ने भी आत्मीयता का परिचय देते हुए भीड़ में मौजूद बच्चों को चॉकलेट बांटी. राष्ट्रपति लगभग 150 कदम तक पैदल चलीं और लोगों का अभिवादन स्वीकार करती रहीं. इस पूरे दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त रही और कहीं भी अव्यवस्था की स्थिति नहीं बनी.
वहीं, मौके पर मौजूद एक बच्ची ने खुशी जताते हुए बताया कि राष्ट्रपति ने उसे अपने हाथों से चॉकलेट दी. स्थानीय निवासी परविंदर कौर ने कहा कि वह कई घंटों से राष्ट्रपति के इंतजार में खड़ी थीं. उन्होंने कहा, “जैसे ही राष्ट्रपति गाड़ी से उतरीं, हम सभी की खुशी का ठिकाना नहीं रहा. उनका व्यवहार बेहद सरल और स्नेहपूर्ण है. उन्होंने मेरी बेटी को चॉकलेट देने के साथ आशीर्वाद भी दिया.”
स्थानीय निवासी उदय कुमार सिंह ने कहा कि उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि देश की राष्ट्रपति उनके इलाके में आएंगी और इतने करीब से मिलेंगी. राष्ट्रपति के आगमन से पूरे क्षेत्र में उत्साह और गर्व का माहौल है.

