
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटानगर रेल सिविल डिफेंस की ओर से टाटानगर स्टेशन मुख्य गेट प्रांगण में आगामी ध्वजारोहण कार्यक्रम की तैयारी जोर-शोर से चल रही है। बुधवार को सौ फीट ऊंचे तिरंगे झंडे के ध्वजारोहण के लिए भव्य परेड मार्च रिहर्सल किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत रेलवे कर्मचारी और शहर के तीन व्यक्तियों को उनके विशिष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान सिविल डिफेंस की ओर से मुख्य अतिथि क्षेत्रीय प्रबंधक द्वारा प्रदान किया जाएगा।

रिहर्सल के दौरान जवानों को तिरंगा झंडे में फूल रखने, ध्वज टेकिंग और रस्सी बांधने की तकनीकी जानकारी दी गई, ताकि ध्वजारोहण कार्यक्रम में पूरी शुचिता और गरिमा के साथ झंडा फहराया जा सके। मुख्य कार्यक्रम 15 अगस्त को प्रातः 11 बजे टाटानगर स्टेशन में आयोजित होगा। ध्वज परेड मार्च का नेतृत्व विमल देव पासवान करेंगे, जबकि प्रस्तुति में अजितेश कुमार दास और विनोद कुमार भी शामिल रहेंगे।
इस अवसर पर सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार के नेतृत्व में जवानों ने अनुशासित और सटीक मार्च पास्ट का प्रदर्शन किया। रिहर्सल में भाग लेने वालों में अजितेश कुमार दास, शिव शंकर प्रसाद, विमल देव पासवान, डी आनंद राव, गीता कुमारी, कंचन कुमारी, विनोद कुमार, अनिल कुमार सिंह, महादेव दास, रमेश कुमार, दीपिका कुमारी, अनूप कुमार शाह, सुमित कुमार जायसवाल, अनुराग कुमार पटेल, पी. हरी बाबू, आलोक कुमार सहित अन्य जवान शामिल रहे।
सिविल डिफेंस के अधिकारियों ने बताया कि इस बार का ध्वजारोहण कार्यक्रम खास होगा, क्योंकि इसमें स्टेशन पर पहली बार सौ फीट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। इसके अलावा, सामाजिक योगदान देने वाले चुनिंदा लोगों को सम्मानित कर उनके प्रयासों की सराहना की जाएगी। कार्यक्रम में रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति की संभावना है।
देशभक्ति के रंग में रंगा यह आयोजन टाटानगर स्टेशन परिसर में एक विशेष माहौल बनाएगा, जहां तिरंगे की ऊंची उड़ान और अनुशासित परेड देश की एकता, सम्मान और गर्व का संदेश देगी।

