
उदित वाणी, जमशेदपुर : पोटका के विधायक संजीव सरदार ने बुधवार को झारखंड विधानसभा में जादूगोड़ा स्थित ग्राम स्वासपुर में अवस्थित सीआरपीएफ समूह केंद्र के ऊपर से गुजर रही 132 केवी हाई टेंशन विद्युत लाइन का मामला प्रमुखता से उठाया. उन्होंने जवानों एवं आम नागरिकों की सुरक्षा के मद्देनजर इस मामले में जल्द हस्तक्षेप की मांग की.
विधायक ने सदन को बताया कि लगभग 165 एकड़ क्षेत्र में फैले इस समूह केंद्र परिसर में जवानों और उनके परिवारों के लिए आवासीय भवन एवं बैरक बने हुए हैं, जबकि कई भवनों का निर्माण कार्य अभी भी जारी है. ऐसे में परिसर के ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन लाइन सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर खतरा पैदा कर रही है.
उन्होंने कहा कि इस उच्च वोल्टेज लाइन के कारण जवानों के दैनिक कार्यों और ड्यूटी के दौरान दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. देश की सुरक्षा में तैनात जवानों के आवासीय एवं कार्यस्थल के ऊपर से इस प्रकार की लाइन का गुजरना अत्यंत चिंताजनक है और इसे प्राथमिकता के आधार पर हटाया जाना आवश्यक है.
विधायक ने यह भी बताया कि उक्त परिसर के आसपास झारखंड पुलिस का सीटीसी मुसाबनी केंद्र तथा गोपालपुर, स्वासपुर और बड़पहाड़ जैसे गांव स्थित हैं, जिससे स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा भी प्रभावित हो रही है. उन्होंने कहा कि यह केवल सीआरपीएफ परिसर तक सीमित मामला नहीं है, बल्कि व्यापक जनसुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है.
संजीव सरदार ने सरकार से मांग की है कि उक्त 132 केवी हाई टेंशन विद्युत लाइन को शीघ्र किसी सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि जवानों और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके.

