
पोदनूर, 11 मार्च (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से तिरुचिरापल्ली (त्रिची) से कई नई रेल सेवाओं और इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को हरी झंडी दिखाई। इसमें प्रमुख है पोदनूर-धनबाद अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन, जो कोयंबटूर के पोदनूर जंक्शन और धनबाद (झारखंड) के बीच हर हफ्ते चलेगी। यह ट्रेन दक्षिण भारत के औद्योगिक क्षेत्र को पूर्वी भारत के कोयला और खनिज क्षेत्रों से सीधे जोड़ेगी।
प्रधानमंत्री मोदी त्रिची में मौजूद थे, जहां उन्होंने दो अमृत भारत एक्सप्रेस, दो एक्सप्रेस ट्रेनें और कई पैसेंजर सेवाओं का उद्घाटन किया। पोदनूर-धनबाद अमृत भारत एक्सप्रेस साप्ताहिक सेवा है, जो हर शनिवार सुबह पोदनूर से रवाना होकर सोमवार सुबह धनबाद पहुंचेगी। वापसी यात्रा हर सोमवार धनबाद से शुरू होगी। रूट पर सलेम, रेनीगुंटा, विजयवाड़ा, झारसुगुड़ा, रांची और बोकारो स्टील सिटी जैसे महत्वपूर्ण रेल हब शामिल हैं। यह ट्रेन तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, ओडिशा और झारखंड को जोड़ेगी।
यह सेवा कोयंबटूर और तिरुप्पुर जैसे टेक्सटाइल एवं मैन्युफैक्चरिंग हब में काम करने वाले हजारों प्रवासी मजदूरों के लिए वरदान साबित होगी। पहले इन मजदूरों को घर (झारखंड, ओडिशा) पहुंचने के लिए कई बदलाव और लंबा सफर करना पड़ता था, लेकिन अब सीधी, सस्ती और आरामदायक यात्रा संभव हो गई है।
सलेम डिवीजन के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) पन्ना लाल ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा, “यह बहुत खुशी की बात है कि पीएम मोदी ने तमिलनाडु में कई परियोजनाओं और ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। पोदनूर-धनबाद अमृत भारत एक्सप्रेस दक्षिण और उत्तर भारत के लोगों के लिए सुविधाजनक है। यह आधुनिक ट्रेन आम जनता के लिए समर्पित है।”
उन्होंने आगे कहा कि ट्रेन में एलएचबी कोच हैं, जो सुरक्षा के लिहाज से बेहद सुरक्षित माने जाते हैं। इसमें कुशन वाली सीटें, अनारक्षित कोच में भी कुशन, उच्च गुणवत्ता के टॉयलेट, चार्जिंग सॉकेट और आपात स्थिति में क्रू से सीधी बातचीत की सुविधा है। ट्रेन में फायर डिटेक्शन सिस्टम, सीसीटीवी और बेहतर वेंटिलेशन जैसी आधुनिक सुविधाएं हैं। यह नॉन-एसी ट्रेन है, जो किफायती किराए पर लंबी दूरी की यात्रा को आरामदायक बनाती है।
यह पहल ‘अमृत भारत स्टेशन स्कीम’ और रेलवे के विस्तार का हिस्सा है, जो दक्षिण-पूर्व भारत के बीच आर्थिक और सामाजिक जुड़ाव बढ़ाएगी। प्रवासी मजदूरों, उद्योगों और आम यात्रियों के लिए यह नई कड़ी महत्वपूर्ण है।
–आईएएनएस

