
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित हरहरगुट्टू साई कॉम्पलेक्स में बुधवार दोपहर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई. घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज करायी है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
पहले पक्ष की ओर से बागबेड़ा घाघीडीह गंगोत्री कॉलोनी निवासी अमित कुमार ने आनंद कुमार समेत चार–पांच अज्ञात लोगों पर केस दर्ज कराया है. दर्ज शिकायत में कहा गया है कि आरोपी एकजुट होकर साई कॉम्पलेक्स पहुंचे और उनके साथ मारपीट की, जिससे वे घायल हो गए. आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उनके गले से सोने की चेन और हाथ का ब्रेसलेट भी छीन लिया.
वहीं दूसरे पक्ष से घाघीडीह डूप्लेक्स कॉलोनी निवासी आनंद कुमार ने अमित कुमार, लक्ष्य भारद्वाज और एक अज्ञात व्यक्ति को आरोपी बनाया है. आनंद के अनुसार बुधवार दोपहर करीब 12:25 बजे हरहरगुट्टू नाला के पास आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए धक्का-मुक्की और मारपीट की. फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है और सच्चाई का पता लगाने में जुटी है.

