
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के किताडीह ग्वालापट्टी में 05 अगस्त को हुई गोलीबारी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस घटना में एक व्यक्ति को गोली मारकर जख्मी किया गया था। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कांड में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
सिटी एसपी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर विशेष टीम गठित कर छापामारी की गई, जिसके दौरान अपराधियों को दबोचा गया। उनके पास से घटना में प्रयुक्त एक स्कूटी और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है।
ज्ञात हो कि 5 अगस्त की शाम को किताडीह ग्वालापट्टी में आपसी रंजिश के चलते गोलीबारी की गई थी, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ था। घटना के बाद से ही इलाके में दहशत का माहौल था। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्थानीय लोगों में राहत की भावना देखी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार अपराधियों को भी जल्द गिरफ्तार कर पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा। साथ ही, क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है ताकि किसी तरह की आपराधिक वारदात दोबारा न हो।

