
उदित वाणी, चांडिल : कुकड़ु प्रखंड अंतर्गत पारगामा पंचायत भवन की हालत गंभीर होती जा रही है. हाल ही में इसकी ऊपरी मंजिल के एक कमरे की छत अचानक गिर गई, जिससे वहां मौजूद लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं.
छत गिरी, सरिया झाँकने लगे, नीचे भी रिसाव
भवन की अन्य छतों की स्थिति भी चिंताजनक है. कई जगहों पर सरिए झांकते हुए देखे जा सकते हैं. वहीं, ऊपरी मंजिल से पानी का रिसाव निचली मंजिल तक हो रहा है, जिससे दीवारें और फर्श भी क्षतिग्रस्त हो रही हैं.
भवन की खिड़कियाँ या तो टूटी हुई हैं या फिर जाम हो चुकी हैं. बिजली गुल होते ही पूरी इमारत में अंधकार छा जाता है क्योंकि बैकअप की कोई व्यवस्था नहीं है.
अब खतरे में सरकारी योजनाओं का संचालन
पंचायत भवन की जर्जर स्थिति ने प्रशासनिक कार्यों को बाधित कर दिया है. पंचायत के मुखिया लालू माझी ने बताया कि इस भवन में आय, जाति, आवासीय, जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र, मनरेगा समेत कई सरकारी योजनाओं से जुड़े कार्य होते हैं. लेकिन भवन की वर्तमान स्थिति के कारण इन सभी सेवाओं पर खतरा मंडरा रहा है.
मांगी मरम्मत या वैकल्पिक भवन की व्यवस्था
मुखिया लालू माझी ने विभाग से अनुरोध किया है कि या तो भवन की तत्काल मरम्मत की जाए या फिर नया भवन बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाया जाए. साथ ही जब तक स्थायी समाधान नहीं निकलता, तब तक किसी वैकल्पिक भवन में कार्य संचालन की व्यवस्था की जानी चाहिए.
पहले भी दी थी सूचना, कार्रवाई अब तक नहीं
मुखिया ने बताया कि पंचायत भवन की खस्ता हालत की जानकारी पहले ही संबंधित विभाग को दी जा चुकी है. लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे स्थानीय लोग और पंचायत कर्मी असमंजस और असुरक्षा की स्थिति में हैं.

