
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर के इलाको में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोकथाम एवं इसमें संलिप्त अपराधियों की धरपकड़ को लेकर जमशेदपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” की साप्ताहिक समीक्षा बैठक 20 दिसंबर को पुलिस कार्यालय सभागार में आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता वरीय पुलिस अधीक्षक ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक (नगर) की उपस्थिति में शहरी क्षेत्र के सभी पुलिस उपाधीक्षक, पुलिस निरीक्षक एवं थाना प्रभारी इस समीक्षा में शामिल हुए.
बैठक के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक ने अवैध मादक पदार्थों के बढ़ते कारोबार पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि नशा समाज, विशेषकर युवाओं के भविष्य को अंधकार की ओर धकेल रहा है. इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय नशा तस्करों, सप्लायरों एवं उनके पूरे नेटवर्क की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त और निरंतर कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
समीक्षात्मक बैठक में अवैध मादक पदार्थों के साथ-साथ अवैध हथियारों के विरुद्ध की गई कार्रवाई की भी गहन समीक्षा की गई. वरीय पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अवैध हथियारों का इस्तेमाल अपराध को बढ़ावा देता है, इसलिए इसके निर्माण, खरीद-बिक्री और भंडारण में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाए. सभी थानों को अपने-अपने क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए.
बैठक में लंबित कांडों के निष्पादन को लेकर भी गंभीर चर्चा हुई. वरीय पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया कि छापामारी, गिरफ्तारी एवं बरामदगी—इन तीनों बिंदुओं पर संतुलित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. जिन मामलों में प्रगति धीमी पाई गई, वहां तेजी लाने के स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए.
समीक्षा के क्रम में हाल के दिनों में की गई छापामारियों, गिरफ्तारियों और बरामदगी से संबंधित आंकड़ों पर विस्तार से चर्चा हुई. बेहतर कार्य करने वाले थानों की सराहना की गई, वहीं कमजोर प्रदर्शन करने वाले थानों को चेतावनी देते हुए सुधारात्मक कदम उठाने को कहा गया.
वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि “ऑपरेशन प्रहार” को केवल औपचारिक अभियान नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली कार्रवाई के रूप में लिया जाए. उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की नशा एवं अवैध हथियारों के कारोबार से जुड़ी किसी भी सूचना को पुलिस के साथ साझा करें, ताकि जमशेदपुर को सुरक्षित और नशामुक्त बनाया जा सके.

