Share this:

उदित वाणी, जमशेदपुर:  कोल्हान विश्वविद्यालय के सभी डिग्री कॉलेजों में इंटरमीडिएट की नामांकन रोक संबंधित किसी तरह की अधिसूचना कोल्हान विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से जारी नहीं किया गया है.

इसे लेकर कोल्हान विश्वविद्यालय की ओर से स्थिति स्पष्ट कर दी गई है. कोल्हान विश्वविद्यालय के प्रवक्ता डॉ. पीके पाणी ने कहा कि नामांकन संबंधित सारा कार्य जैक के निर्देशानुसार होता है. कोल्हान विवि प्रशासन का इसमें किसी तरह की कोई भूमिका नहीं है. कुछ असमंजस की स्थिति बन गयी है कि कोल्हान विवि ने नामांकन संबंधित रोक लगाया है.

लेकिन ऐसी कोई रोक केयू की ओर से नहीं लगाई गई है. कहा कि झारखंड के अन्य विश्वविद्यालय के आधार पर कोल्हान विश्वविद्यालय का नियम तैयार नहीं किया जाएं.

गौरतलब हो कि कोल्हान विश्वविद्यालय के लगभग 15 डिग्री कॉलेजों में इंटरमीडिएट की पढ़ाई होती है, जहां प्रत्येक साल हजारों की संख्या में विद्यार्थियों का नामांकन होता है. इस बार झारखंड के विनोवा भावे और विनोद बिहारी महतो विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले डिग्री कॉलेजों में इंटरमीडिएट में नामांकन रोक दिया गया है.

ऐसे में कोल्हान विश्वविद्यालय के कॉलेजों में भी असमंजस बन गयी कि यहां भी रोक लग चुका है. जबकि कोल्हान विश्वविद्यालय में किसी तरह की कोई रोक नहीं लगी है.

इन सबके बीच जमशेदपुर के करनडीह स्थित एलबीएसएम कॉलेज में इंटमीडिएट के तीनों स्ट्रीम में एडमिशन को लेकर तैयारी कर ली गयी है. कॉलेज के प्राचार्य डॉ अशोक कुमार झा ने इंटमीडिएट में एडमिशन को लेकर गुरुवार को एक बैठक की. बैठक में 30 मई से एडमिशन के लिए आवेदन तथा तयशुदा कटऑफ के आधार पर डायरेक्ट एडमिशन लिये जाने का निर्णय लिया गया.

See also  Jharkhand Cabinet: मंत्रिमंडल की बैठक में इन 6 प्रस्तावों पर लगी मुहर

बताया गया कि कॉलेज में इंटरमीडिएट में एडमिशन के लिए विद्यार्थी 30 मई से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. इसके साथ ही तयशुदा कटऑफ के आधार पर डायरेक्ट एडमिशन भी ले सकते हैं.

डायरेक्ट एडमिशन के लिए कॉमर्स व आर्ट्स (आईकॉम व आईए) में एडमिशन के लिए 60 प्रतिशत कटऑफ तय किया गया है. वहीं साइंट (आईएससी) में एडमिशन के लिए कटऑफ 50 प्रतिशत तय किया गया है.

कॉलेज के प्राचार्य डॉ अशोक कुमार झा ने बताया कि 30 मई से पूर्व विश्वविद्यालय, जैक अथवा एचआरडी की ओर से एडमिशन नहीं लिये जाने से संबंधित कोई निर्देश कॉलेज को प्राप्त हो जाता है, तो इस वर्ष इंटरमीडिएट में एडमिशन लिये जाने के निर्णय को रद्द कर दिया जायेगा. अर्थात् इस वर्ष इंटरमीडिएट में एडमिशन नहीं होगा.

कल समाप्त होगा कुलपति का कार्यकाल
कोल्हान विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. प्रो. गंगाधर पांडा का कार्याकाल का 27 मई को अंतिम दिन है. अब मात्र दो दिन तक कोल्हान विश्वविद्यालय में डॉ पांडा रहेंगे.

राजभवन ने अभी तक नये कुलपति की घोषणा नहीं की है. हालांकि सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कोल्हान प्रमंडल के आयुक्त मनोज कुमार को कोल्हान विश्वविद्यालय के कुलपति का प्रभार मिलने की संभवना है. लेकिन अभी तक अधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं हुई है. राजभवन इससे संबंधित अधिसूचना 26 मई को देर शाम तक जारी कर सकता है.

मालूम हो कि कोल्हान विश्वविद्यालय के नये कुलपति की नियुक्ति मामले पर अभी विलंब हो सकती है. अभी तक प्रकिया शुरू नहीं हुआ है. इधर, कोल्हान विश्वविद्यालय के छात्र प्रतिनिधियों की लगातार मांग है कि इस बार कोल्हान विश्वविद्यालय में झारखंडी शिक्षक को कुलपति बनाया जाये. ताकि कोल्हान विश्वविद्यालय का भला हो सकें.

See also  करीम सिटी कॉलेज के ट्राइबल कल्चरल फेस्ट का समापन

कोल्हान विश्वविद्यालय के प्रवक्ता डॉ. पीके पाणी ने कहा कि 27 मई तक कुलपति कोल्हान विश्वविद्यालय में अपना कार्य संभालेंगे. राजभवन ही अंतिम निर्णय लेगा. वर्तमान कुलपति का अवधि विस्तार होगा या किसी और को प्रभार सौंपा जाएगा इसपर अबतक अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

Share this:
error: Content is protected !!