
उदित वाणी, जमशेदपुर : नए साल के स्वागत को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद हैं. शहर में सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए विशेष योजना बनाई गई है. सिटी एसपी कुमार शिवाशिष ने बताया कि इस बार नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई होगी और जश्न के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. शहर में 32 चेकिंग पॉइंट्स स्थापित किए गए हैं, जहां पुलिस और ट्रैफिक विभाग की संयुक्त टीम तैनात रहेगी. इन स्थानों पर रैश ड्राइविंग, नशे में वाहन चलाने, बिना हेलमेट, ट्रिपल राइडिंग और अन्य अवैध गतिविधियों पर सख्त नजर रखी जाएगी.
चेकिंग अभियान 31 दिसंबर को शाम 9 बजे से रात 2 बजे तक चलेगा, जबकि 1 जनवरी को दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक दोबारा जांच होगी. एसपी ने कहा कि नए साल के जश्न में किसी भी व्यक्ति द्वारा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी. ट्रैफिक पुलिस की ओर से एंटी ड्रंक ड्राइविंग और एंटी रैश ड्राइविंग अभियान चलाया जा रहा है, ताकि सड़क हादसों पर रोक लगाई जा सके. साथ ही, शहर के सभी होटल और लॉज की जांच भी की जा रही है, ताकि अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके.
जुबली पार्क, पीएनएम मॉल, मोदी पार्क और डिमना लेक जैसे महत्वपूर्ण स्थलों पर डीएसपी स्तर से निरीक्षण किया गया है. इन क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है और सेफ्टी प्रिकॉशन्स लागू कराए जा रहे हैं. भीड़-भाड़ वाले इलाकों में सिविल ड्रेस में पुलिस जवान तैनात रहेंगे, जो छेड़खानी, अभद्रता, मादक पदार्थों का सेवन या किसी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखेंगे.
आपात स्थिति में नागरिक 112 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं. सिटी एसपी कुमार शिवाशिष ने जमशेदपुरवासियों को नववर्ष की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि लोग नियमों का पालन करें, शांति और सौहार्द के साथ जश्न मनाएं और सुरक्षा को लेकर सजग रहें.
