
उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर शहर में शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से उभरते नेताजी सुभाष ग्रुप द्वारा संचालित नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल एवं मदन मोहन पब्लिक स्कूल का वार्षिक खेल मीट बुधवार को टेल्को स्थित सुमंत मुलगांवकर स्टेडियम में धूमधाम से आयोजित किया गया. कार्यक्रम में जमशेदपुर के एसएसपी पियूष पांडे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि संस्थान के चेयरमेन मदन मोहन सिंह ने अंगवस्त्र और मोमेंटो भेंट कर उनका स्वागत किया.
नेताजी सुभाष ग्रुप द्वारा जमशेदपुर व आसपास के इलाकों में करीब एक दर्जन स्कूलों का संचालन किया जा रहा है, जहां लगभग नौ हजार बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं. ग्रुप की ओर से शहर में विश्वविद्यालय एवं मेडिकल कॉलेज अस्पताल भी संचालित है, वहीं बिहार के पटना के बिहटा में इंजीनियरिंग कॉलेज और मेडिकल कॉलेज अस्पताल चलाया जा रहा है.
वार्षिक खेलकूद कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने एक से बढ़कर एक मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिससे उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों ने जमकर तालियां बजाईं. बच्चों के लिए विभिन्न एथलेटिक्स और स्पोर्ट्स प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. विजयी प्रतिभागियों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसएसपी पियूष पांडे ने कहा कि जीवन में पढ़ाई के साथ **खेल** की भी अहम भूमिका है, क्योंकि खेल अनुशासन, टीमवर्क और आत्मविश्वास सिखाते हैं. उन्होंने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए अभिभावकों और शिक्षकों से अपील की कि वे बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद के लिए भी प्रोत्साहित करते रहें.
नेताजी सुभाष ग्रुप के चेयरमेन मदन मोहन सिंह ने कहा कि संस्थान बच्चों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और शिक्षा के साथ खेलकूद व सह-पाठ्य गतिविधियां छात्रों के व्यक्तित्व निर्माण का जरूरी हिस्सा हैं. उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आश्वस्त किया कि शिक्षा के क्षेत्र में समूह की ओर से विस्तार और गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक पहल आगे भी जारी रहेंगी.

