
उदित वाणी, जमशेदपुर: देश के मशहूर संगीत घरानों के संगीत को संरक्षण देने के मकसद से गुरुवार को इवनिंग क्लब गोलमुरी में घराना महोत्सव का आयोजन किया गया.
सबसे पहले अशोक कुमार सिंह ने बांसुरी पर राग मधुवंति में रूपक ताल, मध्य तीन ताल तथा द्रुत तीन ताल में गतें पेश कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. तबले पर स्वरूप मोइत्रा ने बेहतरीन संगत किया. इसके बाद सोहिनी रायचौधरी का शास्त्रीय गायन हुआ, जिसमें उन्होंने राग श्याम कल्याण में विलंबित एकताल तथा मध्य तीन ताल में मनमोहक बंदिशें और तराना गाया.
इनके साथ तबले पर पंडित सुसम्य मिश्रा तथा हारमोनियम पर सुब्रत भट्टाचार्या ने संगत किया. अंतिम प्रस्तुति विश्व विख्यात तबला वादक पंडित परिमल चक्रवर्ती के एकल तबला वादन का रहा, जिसमें उन्होंने तबले का अद्भुत हुनर पेश कर दर्शकों को आश्चर्यचकित कर दिया. इनके साथ सुब्रत भट्टाचार्या ने हारमोनियम पर बडी खूबसूरती से नगमा रखा.
कार्यक्रम का संचालन सुजीत राय ने किया.कार्यक्रम को सफल बनाने में पंडित सुब्रत डे, अमिताभ सेन, सुजन चैटर्जी, मनमोहन सिंह तथा हाराप्रसाद मुखर्जी का योगदान रहा.

