
उदित वाणी, जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन के वर्तमान अध्यक्ष मुकेश मित्तल ने दूसरी बार अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया. उन्होंने पांच सेट में नामांकन जमा किए, जिनमें संरक्षक रामकृष्ण चौधरी (बीजू बाबू), संरक्षक दीपक भालोटिया, प्रांतीय उपाध्यक्ष नंद किशोर अग्रवाल, प्रांतीय संगठन महामंत्री सुरेश सोंथालिया, माहेश्वरी समाज से कमल किशोर लड्ढा, ब्राह्मण समाज के प्रकाश जोशी, खंडेलवाल समाज की मंजू खंडेलवाल, नाई समाज से हरिओम सरोज तथा नारी शक्ति से संगीता शर्मा जैसे प्रमुख पदाधिकारी प्रस्तावक व अनुमोदक के रूप में शामिल रहे.
मुकेश मित्तल ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सभी को चुनाव लड़ने का अधिकार है, लेकिन कुछ “सोशल नक्सल” तत्व संस्था में भ्रम फैलाकर समाज को विभाजित करने का प्रयास कर रहे हैं. ऐसे तत्वों का वे विरोध जारी रखेंगे और समाज की एकता बनाए रखना उनकी प्राथमिकता होगी.
नामांकन प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई, जिसमें सभी उम्मीदवारों के पत्र स्वीकार किए गए. अध्यक्ष पद का चुनाव 14 दिसंबर 2025 को होगा, जिसमें खंडेलवाल, अग्रवाल, माहेश्वरी, ब्राह्मण, ओसवाल जैन व नाई समुदायों के सदस्य मतदान करेंगे.
चुनाव समिति ने निष्पक्षता का भरोसा दिलाया. नामांकन के मौके पर दीपक भालोटिया, नंद किशोर अग्रवाल, प्रदीप कुमार मिश्रा, श्रवण देबुक़ा, सुनील सोनथालिया, पवन अग्रवाल (पप्पी), आकाश शाह, मनोज चेतानी सहित अनेक समाजसेवी उपस्थित रहे.
संगठन ने सभी सदस्यों से अधिकतम मतदान कर लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने की अपील की.

