
उदित वाणी, जमशेदपुर : आदित्यपुर थाना की पुलिस ने विद्युत नगर क्षेत्र में 21 दिसंबर को हुई बागबेड़ा निवासी शिवा पात्रो की हत्या के मामले का सफल उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल मुख्य आरोपी राजा पाल (33 वर्ष) और एक नाबालिग किशोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी राजा पाल वर्तमान में बागबेड़ा, जमशेदपुर में रह रहा था, जबकि उसका स्थायी पता रायपुर, छत्तीसगढ़ बताया गया है। पूछताछ के बाद पुलिस ने राजा पाल को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है, वहीं नाबालिग आरोपी को रिमांड होम भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, 21 दिसंबर को विद्युत नगर जे.एम.टी-2 के पास झाड़ियों में एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया था। शव पर धारदार हथियार से सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गहरे जख्म के निशान थे। शव की स्थिति से स्पष्ट था कि हत्या बेहद निर्मम तरीके से की गई थी। बाद में शव की पहचान बागबेड़ा निवासी शिवा पात्रो के रूप में हुई, जिससे मामला और गंभीर हो गया।
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हत्या और साक्ष्य छिपाने से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच के लिए सरायकेला के एसडीपीओ समीर कुमार सवैया के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की, तकनीकी शाखा के जवान और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल डाटा और मैनुअल इनपुट के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने राजा पाल और नाबालिग किशोर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में शिवा पात्रो की हत्या की गई थी।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल सीएनजी टेंपो (संख्या जेएच 05डीएस-7322), चाकू और मृतक की चप्पल बरामद की है। पुलिस ने बताया कि इस हत्याकांड में शामिल अन्य अपराधियों की तलाश जारी है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस की निगरानी और सतर्कता बढ़ा दी गई है।

