
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र से लापता हुए 65 वर्षीय वृद्ध माधा मार्डी को पुलिस ने आठ दिनों की कड़ी मशक्कत के बाद सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के हवाले कर दिया है. वृद्ध की सुरक्षित वापसी से परिवार में खुशी का माहौल है और परिजनों ने परसुडीह थाना पुलिस के प्रयासों की जमकर सराहना की है.
जानकारी के अनुसार 20 जनवरी को माधा मार्डी अपने गांव डुमरिया से कुछ ग्रामीणों के साथ परसुडीह थाना अंतर्गत लोको कॉलोनी में मेहमानी में शामिल होने आए थे. मेहमानी के बाद जब सभी लोग वापस लौट रहे थे, उसी दौरान लोको कॉलोनी के पास दो रास्ते होने के कारण माधा मार्डी रास्ता भटक गए और साथ आए ग्रामीणों से बिछड़ गए. काफी देर तक ग्रामीणों ने आसपास खोजबीन की, लेकिन उनका कहीं कोई पता नहीं चल सका.
इसके बाद उसी दिन वृद्ध की भतीजी सोना मार्डी ने परसुडीह थाना पहुंचकर गुमशुदगी की सूचना दी, जिसके आधार पर थाना में संन्हा दर्ज किया गया. सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए खोज अभियान शुरू किया. पुलिस ने आसपास के थाना क्षेत्रों में सूचना प्रसारित की और संभावित स्थानों पर वृद्ध की तस्वीरें भी लगवाईं.
लगातार प्रयास के क्रम में बुधवार को पुलिस ने सरायकेला थाना क्षेत्र के बड़ा काकड़ा स्थित एक पेट्रोल पंप के पास से माधा मार्डी को सुरक्षित बरामद कर लिया. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया. वृद्ध की बरामदगी से परिवार ने राहत की सांस ली है.

