
उदित वाणी जमशेदपुर : परसुडीह थाना अंतर्गत हलूदबानी ग्राम से एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पुलिस ने हलूदबानी निवासी राजू गोप के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी और नाबालिग के बीच सोशल मीडिया के माध्यम से जान-पहचान हुई थी। लगभग छह महीने से दोनों के बीच बातचीत जारी थी। आरोप है कि इसी दौरान राजू गोप ने नाबालिग को बहलाकर अपने साथ भगा लिया। परिजनों ने जब लड़की को घर में नहीं पाया तो उसकी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने परसुडीह थाना में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की है। साथ ही नाबालिग की तलाश तेज कर दी गई है।
परसुडीह थाना प्रभारी ने बताया कि मोबाइल लोकेशन और तकनीकी निगरानी के माध्यम से आरोपी और लड़की का पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है, वहीं परिजन अपनी बेटी की सकुशल वापसी की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
