
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो स्थित डिमना चौकी क्षेत्र के एमजीएम अस्पताल परिसर से मंगलवार देर रात एक युवक की अपाचे बाइक चोरी हो गई। यह घटना कदमा न्यू रानी कुदार निवासी राहुल कुमार के साथ घटी है। जानकारी के अनुसार, राहुल मंगलवार की रात अपने पिता को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल लाए थे। पिता की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें भर्ती कराया गया। इस बीच राहुल ने अपनी अपाचे बाइक (नंबर पुलिस को उपलब्ध) अस्पताल परिसर में पार्क कर दी और वहीं रुके रहे।
बुधवार सुबह करीब सात बजे जब राहुल ने बाइक खड़ी किए स्थान पर नजर डाली तो वह गायब मिली। आसपास काफी खोजबीन करने के बाद भी वाहन नहीं मिलने पर उन्होंने इसकी सूचना एमजीएम थाना पुलिस को दी। सूचना पर थाना प्रभारी के निर्देशानुसार पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और सबसे पहले वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों से पूछताछ की। इसके बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
प्राथमिक जांच में पुलिस को आशंका है कि देर रात अज्ञात चोरों ने बाइक को निशाना बनाया। राहुल कुमार पेशे से ऑटो चालक हैं। उन्होंने बताया कि बाइक उनके रोजमर्रा की जरूरत का अहम साधन थी। ऑटो चलाने के साथ-साथ अन्य कार्यों के लिए भी वे इसका उपयोग करते थे। अचानक वाहन चोरी हो जाने से उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, अस्पताल परिसर में बार-बार हो रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए सुरक्षाकर्मियों की तैनाती और सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

