
उदित वाणी, जमशेदपुर : डिमना स्थित कोल्हान के सबसे बड़े सरकारी संस्थान एमजीएम मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में पानी का गंभीर संकट गहराता जा रहा है। हालात ऐसे हैं कि अस्पताल को रोजाना करीब डेढ़ लाख लीटर पानी की जरूरत पड़ रही है, लेकिन मौजूदा आपूर्ति इस मांग को पूरा नहीं कर पा रही है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, दो डीप बोरिंग के साथ-साथ प्रतिदिन 10 टैंकर (प्रति टैंकर 12 हजार लीटर) पानी की आवश्यकता है। उपायुक्त के निर्देश पर फिलहाल मानगो नगर निगम के माध्यम से 5 से 7 टैंकर पानी की आपूर्ति हो रही है, लेकिन बढ़ती गर्मी के कारण खपत में लगातार इजाफा हो रहा है, जिससे स्थिति और गंभीर बनती जा रही है।
इसी संकट को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने अब पानी खरीदने का फैसला लिया है। एमजीएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य स्तर पर टेंडर प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है और फाइल का काम खत्म होते ही जुस्को या अन्य स्रोतों के माध्यम से 3 से 4 टैंकर अतिरिक्त पानी प्रतिदिन खरीदा जाएगा। इसका उद्देश्य अस्पताल में ऑपरेशन, इलाज और अन्य जरूरी सेवाओं को बाधित होने से बचाना है।
अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. जुझार माझी ने बताया कि जल्द ही पूरी प्रक्रिया लागू कर दी जाएगी, जिससे प्रतिदिन 10 टैंकर पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सकेगी।
गौरतलब है कि अस्पताल में पानी की समस्या नई नहीं है। पहले यहां 5 डीप बोरिंग कराए गए थे, लेकिन उनमें से 3 के फेल हो जाने से संकट और गहरा गया। वहीं, स्वर्णरेखा नदी के संकोशाई-श्यामनगर क्षेत्र से पाइपलाइन के जरिए पानी आपूर्ति की योजना पर काम जारी है, लेकिन मार्च तक इसके पूरा होने की संभावना कम नजर आ रही है।
ऐसे में फिलहाल टैंकरों के सहारे ही अस्पताल की जीवनरेखा बनी हुई है, और गर्मी बढ़ने के साथ यह संकट और चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है।

