
उदित वाणी, जमशेदपुर: डिमना स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (MGM HOSPITAL) में एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। शुक्रवार अहले सुबह (करीब 4 से 5 बजे के बीच) मेडिसिन विभाग में भर्ती एक मरीज ने अस्पताल की चौथी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक युवक एड्स एवं टीबी जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित था. तीन दिन पहले ही अस्पताल के चौथे तल्ले पर भर्ती कराया गया था.
उसकी देखभाल के लिए उसकी मां भी उसके साथ रह रही थी। आशंका जताई जा रही है कि लंबी बीमारी और मानसिक तनाव के कारण उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।
बताया जाता है कि घटना से पहले मरीज ने अपनी मां से शौच के लिए जाने की बात कही और बेड से उठकर बाहर चला गया। कुछ ही देर बाद उसने चौथी मंजिल की खिड़की से छलांग लगा दी। घटना के बाद उसकी मां ने तेज आवाज सुनकर शोर मचाया, जिसके बाद अस्पताल कर्मियों की मदद से उसे तुरंत इमरजेंसी वार्ड में ले जाया गया। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और पूरे इलाके में हड़कंप का माहौल बन गया।
घटना के बाद अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया। वहीं, अस्पताल प्रबंधन और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
7 महीने पहले भी हुई थी ऐसी घटना:
गौरतलब है कि इससे पहले 24 अगस्त 2025 में इसी अस्पताल में चक्रधरपुर में एक मरीज ने ऊंचाई से कूदकर आत्महत्या कर ली थी। उस घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का दावा किया था, लेकिन इस घटना से फिर सवाल खड़ा हो गया है।
लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से मरीजों और उनके परिजनों में भय और चिंता का माहौल है। अब एक बार फिर अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा और ठोस कदम उठाने की मांग तेज हो गई है।
(MGM Hospital Jamshedpur, Patient Suicide Jamshedpur, MGM Hospital News, Jamshedpur News Today, Suicide in Jamshedpur Hospital, एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर, जमशेदपुर समाचार)

