
उदित वाणी, जमशेदपुर : जब कोई मुस्कुराता है तो अच्छा लगता है, पर जब मासूम चेहरे खिलखिलाते हैं — तो दिवाली सच में रोशन हो जाती है. इसी उद्देश्य को साकार करते हुए मारवाड़ी युवा मंच, जमशेदपुर शाखा द्वारा 19 अक्टूबर 2025 को कृष्णा शर्मा आंगनवाड़ी केंद्र में दीपावली का भव्य आयोजन किया गया.

कार्यक्रम में आंगनवाड़ी में पढ़ने वाले लगभग 80 नन्हें बच्चों के बीच मिठाई, पाठ्य सामग्री एवं पटाखों का वितरण किया गया. बच्चों ने सामूहिक रूप से दीपक जलाकर पूरे आंगनवाड़ी परिसर को रोशनी से भर दिया और आतिशबाज़ी का आनंद उत्साहपूर्वक लिया.
मंच अध्यक्ष युवा विकास शर्मा के नेतृत्व में हुए इस कार्यक्रम में मंच सचिव हेमंत हर्ष अग्रवाल, सह सचिव युवा उत्तम शर्मा और पर्यावरण संयोजक उत्सव अग्रवाल सहित मंच के कई सदस्य उपस्थित रहे.
पूरे आयोजन का वातावरण प्रसन्नता, हर्ष और सामाजिक समरसता से सराबोर रहा. बच्चों की मुस्कुराहट और दीपों की लौ ने इस दिवाली को वाकई “आनंद सबके लिए” बना दिया.

