
असम के उत्पादों के साथ ही नागालैंड का ड्राई फ्लावर भी रहेगा उपलब्ध
उदित वाणी, जमशेदपुर: मानगो स्थित गांधी मैदान में पहली बार गुजराती समाज द्वारा रांची स्थित हैंडीक्राफ्ट एंड हैंडलूम डेवलपमेंट संस्थान के तत्वावधान में भारतीय हस्तशिल्प बाजार का आयोजन किया जा रहा है. इसका आयोजन 16 जून से 30 जून तक होगा.
इसका उद्घाटन 17 जून की शाम 6 बजे मानगो नगर निगम के कार्यपालक पदाधिकारी दीपक कुमार सहाय द्वारा किया जाएगा. कार्यक्रम में उप समाहर्ता सह जिला भू-अर्जन पदाधिकारी रविन्द्र गगराई, मानगो सीओ हरिश चन्द्र मुण्डा, साकिर खान, गुडडु गुप्ता आदि उपस्थित रहेंगे.
इस आयोजन में भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के लगभग 75 कुशल शिल्पकार अपनी 1,50,000 कलाकृतियों का प्रदर्शन एवं विक्रय करेंगे. इनमें मुख्य रूप से आसाम का बांस से बना हुआ सामान, नागालैंड का ड्राई फ्लावर, कलकत्ता का जूट बैग, भदोही का विश्व प्रसिद्ध कालीन, सहारनपुर का फर्नीचर, आंध्र प्रदेश का क्रोशिया वर्क, भोलपुर शांतिनिकेतन का काथा वर्क, खादी ग्रामोद्योग के वस्त्र एवं आयुर्वेदिक दवाईयां, राजस्थान का चूरन, गुजरात का बंधनी सुट, कच्छ की चादरें, पंजाब का फुलकारी सुट, हरियाणा के पर्दे, बिना पानी का कुलर, पिकनिक टेबल, हेन्डप्रेस जूसर मशीन, घर के साफ-सफाई के अत्याधुनिक यंत्र, राजकोट के किचन वेयर के सामान, जयपुर की मोजड़ी, कांजीवरम की साड़ियं, भागलपुर का डलचादर, मधुबनी की मिथिला पेंटिंग, झारखंड का डोकरा आर्ट, सिसई की सोहराई पेंन्टिग, बंदगांव का शहद, दुमका नाला के जूट बैग, बनारस की साडियं, आसाम की अंडी चादर, काश्मीर का पशमीना शॉल, मद्रास की शीप की ज्वेलरी, जयपुर की सिक्का ज्वेलरी, चिन्हट का टेराकोटा का सामान, लखनऊ का चिकन वर्क ढाका की बालूचेरी की साडियॉ, मेरठ की शुद्ध खादी की शर्ट, कन्नोज का चंदन फेस पाउडर, हरिद्वार का पूजा पाठ का सामान सहित अन्य हस्तशिल्प उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया जाएगा.
आयोजन समिति की सदस्य पूजा टोप्पो ने बताया कि इस 15 दिवसीय आयोजन में बच्चों के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के झूलों की भी व्यवस्था की जाएगी. इनमें मुख्य रूप से मिक्की माउस, जंपिंग जापान, वाटर बोट, स्कारपियो, हॉर्स राइडिंग, छोटा बिजली झूला की भी व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन शाम 6 से 8 बजे तक भारतीय हस्तशिल्प बाजार के शिल्प कला मंच द्वारा सांस्कृतिक संध्या का आयोजन भी किया जाएगा. इसके साथ ही शहर के विभिन्न विद्यालयों के बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता, नृत्य कला प्रतियोगिता, गायन प्रतियोगिता, निबंधन प्रतियोगिता, सुलेख प्रतियोगिता, मटका सजाओं प्रतियोगिता, मेहंदी सजाओ प्रतियोगिता का आयोजन होगा.
प्रथम तीन विजयी प्रतिभागियों को भारतीय हस्तशिल्प बाजार एवं ओम नमः शिवाय परिवार की ओर से पुरस्कृत किया जाएगा. आयोजन समिति के अध्यक्ष अजित भकोडिया एवं संजीव तिवारी ने बताया कि प्रतिदिन संध्या कालीन 8 बजे एक लकी ड्रॉ का भी आयोजन किया जाएगा। आयोजन में मेहबूब आलम, मो वकील अंसारी, आलम, सेराज अहमद, मुकेश कुमार कुशवाहा, फुलमनी टोप्पो, अजय कुमार गुप्ता, मूर्तिदेवी मुंडा, शांति तिर्की, शिवम कुमार, चितरंजन यादव, अरविन्द कुमार सिंह आदि का योगदान है.

