
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो नगर निगम चुनाव में व्यवस्थागत चुनौतियों और शुरुआती असुविधाओं के बावजूद मतदाताओं का उत्साह चरम पर दिखाई दिया. वार्ड संख्या-34 के 4 नंबर मतदान केंद्र, ओड़िया मध्य विद्यालय में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की. यहां कुल 587 मतदाताओं में से पौने 4 बजे तक 383 लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. इस तरह मतदान का प्रतिशत लगभग 65 प्रतिशत तक पहुंच गया, जो क्षेत्र में जागरूकता और सक्रिय भागीदारी का संकेत है.
वहीं, इसी भवन में स्थित मतदान केंद्र संख्या–3 पर भी मतदाताओं की अच्छी-खासी भीड़ देखी गई. यहां कुल 1189 मतदाताओं में से 592 मतदाताओं ने मतदान किया, जो करीब 50 प्रतिशत रहा. मतदान का सिलसिला लगातार जारी रहा और शाम तक प्रतिशत में और वृद्धि की संभावना जताई गई.
डिमना रोड के कई अन्य मतदान केंद्रों पर भी मतदान प्रतिशत संतोषजनक दर्ज किया गया. चुनावी माहौल में मतदाताओं की सक्रियता ने स्पष्ट कर दिया कि स्थानीय निकाय चुनाव को लेकर जनता में खासा उत्साह है. शाम 5 बजे तक आंकड़ों में और इजाफा होने की उम्मीद व्यक्त की जा रही है.

